टहरौली। क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं और लोक कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय टहरौली महोत्सव का आज भव्य उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3 बजे दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ होगा। महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
उद्घाटन समारोह के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां होंगी, जिसमें पखावज वादन, ध्रुपद-धमार तथा सितार और तबला वादन प्रमुख आकर्षण रहेंगे। इसके अलावा भजन, बुंदेली गायन, लोकगीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।
शाम 7 बजे राष्ट्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। आयोजकों के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्रीय संस्कृति, कला और परंपराओं को बढ़ावा देना तथा स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना है।
महोत्सव 13 से 15 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।