पहले कभी कश्मीर घाटी का जिक्र होता था तो चर्चा होती थी आतंकवाद, पत्थरबाजी और हिंसा की। पुलवामा का नाम तो लंबे समय तक ऐसी घटनाओं के साथ जोड़ा जाता रहा जिनकी याद आज भी देश को भावुक कर देती है। लेकिन समय बदल रहा है। आज उसी पुलवामा में रात के अंधेरे में जलती फ्लडलाइट्स की रोशनी में हजारों लोग क्रिकेट देखने के लिए एक मैदान में इकत्रित हुए ।

पुलवामा स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार देर शाम रॉयल प्रीमियर लीग सीजन 2 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबला सुल्तान वॉरियर्स बारामुला और रॉयल गुडविल के बीच खेला गया। रात आठ बजे फ्लड लाइट्स रोशन होते ही स्टेडियम 50 हजार से अधिक दर्शकों के उत्साह से गूंज उठा। मुकाबले को लेकर युवाओं में जबरदस्त जोश देखने को मिला। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और सीआरपीएफ के 400 से अधिक जवान तैनात किए गए। टूर्नामेंट में घाटी की 16 शीर्ष टीमें हिस्सा ले रही हैं। लीग को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

यह तस्वीर केवल एक क्रिकेट मैच की नहीं है। यह उस बदलते वातावरण की तस्वीर है जिसमें कश्मीर का युवा अपने भविष्य को खेल, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और विकास से जोड़कर देख रहा है।

पुलवामा में हुए नाइट क्रिकेट आयोजन ने इसी बदलाव को बेहद प्रभावशाली ढंग से सामने रखा। रिपोर्टों के अनुसार हजारों दर्शक क्रिकेट देखने पहुंचे। वर्ष 2025 में दक्षिण कश्मीर की पहली नाइट क्रिकेट लीग में करीब 30 से 40 हजार दर्शकों के पहुंचने की खबर सामने आई थी।

एक ऐसा क्षेत्र जिसका नाम कभी आतंक की खबरों के कारण राष्ट्रीय सुर्खियों में रहता था, वहां रात के समय हजारों परिवार और युवा एक साथ क्रिकेट देखने के लिए मैदान में मौजूद हैं। मैदान में बल्ले की आवाज है। चौके और छक्के पर तालियां हैं। खिलाड़ियों का उत्साह है। युवाओं की आंखों में जीत का सपना है। यह दृश्य अपने आप में बहुत कुछ कहता है।

2019 के बाद जम्मू कश्मीर में प्रशासन और विकास को लेकर कई बड़े बदलाव हुए। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों में बदलाव के बाद केंद्र सरकार ने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, पर्यटन, निवेश और सार्वजनिक सेवाओं को बढ़ाने पर जोर दिया। सरकारी आंकड़ों के अनुसार जम्मू कश्मीर में सड़क और रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए कई बड़ी परियोजनाएं पूरी हुई हैं। चिनाब रेल पुल, अंजी खड्ड पुल, जम्मू श्रीनगर राजमार्ग के सुरंग और चौड़ीकरण कार्य तथा वंदे भारत रेल सेवा ने संपर्क को नई गति दी है।

यह परिवर्तन केवल सड़कों और पुलों तक सीमित नहीं है। पर्यटन में भी जम्मू कश्मीर ने बड़ी वापसी दर्ज की है। वर्ष 2024 में यहां पर्यटकों की संख्या 2.35 करोड़ से अधिक रही। इसमें विदेशी पर्यटक भी शामिल थे।
किसी भी क्षेत्र में पर्यटन की वापसी का सीधा अर्थ है कि होटल चलेंगे, टैक्सी चलेगी, स्थानीय बाजारों में खरीदारी बढ़ेगी, हस्तशिल्प को बाजार मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

इसी तरह निवेश के क्षेत्र में भी बदलाव की जानकारी सामने आई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 2019 के बाद जम्मू कश्मीर में करीब 18 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। 2200 से अधिक औद्योगिक इकाइयां स्थापित हुई हैं और 26 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए गए हैं। करीब 9.81 लाख स्वरोजगार अवसर पैदा होने की जानकारी भी दी गई है।

एक तरफ सुरंगें बन रही हैं। रेल कश्मीर को देश के दूसरे हिस्सों से जोड़ रही है। पर्यटक घाटी में लौट रहे हैं। उद्योग और निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं। दूसरी तरफ मैदान में युवा क्रिकेट खेल रहे हैं और हजारों लोग उन्हें देखने पहुंच रहे हैं। यही किसी समाज में बदलते माहौल की सबसे सुंदर तस्वीर होती है।
पुलवामा की यह भीड़ इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भीड़ का चरित्र बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। कभी भीड़ का जिक्र विरोध, तनाव या सुरक्षा की खबरों के संदर्भ में होता था। आज हजारों लोग खेल के लिए जुट रहे हैं। यहां कोई नारा नहीं है। कोई डर नहीं है। यहां गेंद है, बल्ला है और अपने खिलाड़ियों के लिए उत्साहित दर्शक हैं।
युवा किसी भी समाज के भविष्य का सबसे बड़ा संकेत होते हैं। जब युवा बंदूक से दूर होकर बल्ले को चुनता है, जब वह हिंसा के बजाय खेल की प्रतिस्पर्धा में अपनी ऊर्जा लगाता है, जब वह मैदान में अपने प्रदर्शन से पहचान बनाना चाहता है तो यह बदलाव केवल खेल के क्षेत्र में नहीं होता। यह सोच में बदलाव का संकेत होता है।
जहां कभी गोलियों की आवाज सुर्खियां बनती थीं, वहां आज बल्ले से निकली गेंद पर उठती हजारों तालियां सुनाई दे रही हैं। यह तालियां केवल एक बल्लेबाज के चौके की नहीं हैं। यह सामान्य जीवन की वापसी की तालियां हैं। यह युवाओं के सपनों की तालियां हैं। यह उस उम्मीद की तालियां हैं जो अब घाटी के मैदानों में दिखाई देने लगी है।

 

About The Author

Avatar

By Anmol Dubey

आधा लेखक, आधा पत्रकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights