उरई (जालौन)। बीती रात्रि सदर कोतवाली पुलिस को चकमा देकर चोरों ने शहर के मोहल्ला तुलसी नगर स्थित आशिक चौराहे पर परी इंटर प्राइजेज बिस्कुट एजेंसी में चोरों ने सेंध लगा दी। जहां से चोर गोलक में रखे करीब एक लाख रुपए नगद समेटकर रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गयी। लेकिन पुलिस ने फौरी औपचारिकता का निर्वहन कर कार्यवाही करने का आश्वासन एजेंसी मालिक को दिया।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के मोहल्ला तुलसी नगर निवासी मीनू गुप्ता की घर से कुछ ही दूरी पर स्थित आशिक चौराहे पर परी इंटरप्राइजेज के नाम से बिस्किट की एजेंसी है। बताया गया है कि जिसे वह रोज की तरह गुरुवार को बन्द कर घर चला गया। तभी उस पर निशाना साधे बैठे चोरों ने देर रात को धावा बोल दिया। इसके बाद चोरों ने एजेंसी के गुल्लक में रखे करीब एक लाख रुपए निकाल लिए। इतना ही नहीं घटना को अंजाम देने के बाद चोर एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी निकाल कर अपने साथ ले गए। शुक्रवार दोपहर को जब मीनू एजेंसी खोलने पहुंचा, तब वहां की हालत देखकर उसे चोरी का पता चला। फिलहाल घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। जबकि घनी बस्ती वाले इलाके में हुई चोरी से आस-पड़ोस के लोगों में दहशत भरा माहौल बना हुआ है।