झांसी में सोमवार को दिनदहाड़े मर्डर के आरोपी को गोलियों से भून डाला। पूर्व प्रधान और उसके परिवार ने घेराबंदी कर पत्नी के सामने ही उसे 4 गोलियां मारीं। पत्नी ने बचाने की कोशिश की, तो उसे थप्पड़ मारे और धक्का देकर गिरा दिया।

हत्या के बाद हमलावर गोलियां चलाते हुए भाग गए। वारदात के बाद आसपास के लोग जुट गए। युवक को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 6 साल पहले अरविंद यादव समेत अन्य ने पूर्व प्रधान के चाचा का मर्डर किया था। घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के भोजला गांव की है।
अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला

सोमवार दोपहर करीब 1 बजे अरविंद यादव (38) और उसकी पत्नी संगीता बैंक से 2 लाख रुपए निकालकर लोन भरने दूसरे बैंक जा रहे थे। रास्ते में 5-6 बाइक से आए हमलावरों ने दोनों को घेर लिया। इसके बाद उन लोगों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पत्नी संगीता का आरोप है कि हमलावर 2 लाख रुपए और मोबाइल भी लूट ले गए।

6 साल पहले पूर्व प्रधान के चाचा का मर्डर हुआ था
अरविंद यादव भोजला गांव का रहने वाला था। 2019 में गांव में तत्कालीन प्रधान रिंकू यादव के चाचा मुन्ना यादव का मर्डर हुआ था। इस मामले में अरविंद यादव समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। अरविंद की 4 साल पहले हाईकोर्ट से जमानत हो गई थी। लेकिन, केस अभी भी कोर्ट में विचाराधीन है।

खेती-किसानी के साथ दूध बेचने का काम करता था
जेल से बाहर आने के बाद अरविंद खेती-किसानी के साथ दूध बेचने का काम करता था। उसने गांव की एसबीआई ब्रांच से पर्सनल लोन लिया था। अब पैसों का इंतजाम हो गया था। अरविंद लोन चुकाने के लिए सोमवार दोपहर बैंक गया था।

अरविंद की पत्नी संगीता ने बताया- हमें बीकेडी चौराहा के पास बैंक से पैसे निकालने थे। हम दोनों बुलेट से बैंक गए और 2 लाख रुपए निकाले। इसके बाद भोजला मंडी एसबीआई बैंक में लोन भरने जा रहे थे। बैंक से ही कुछ लोग हमारे पीछे लग गए।

जब हम लोग भोजला गांव के पास पहुंचे, तो रिंकू और उसके परिवारवाले पहले से घात लगाए बाइक पर खड़े थे। 5-6 बाइक पर सवार 10-12 लोगों ने घेरकर हम लोगों को रोक लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे। मेरे पति अरविंद को बाइक से नीचे गिरा दिया। फिर चारों तरफ से गोलियां चलाने लगे।

अरविंद को सामने से 2 पीछे से 2 गोलियां मारकर हत्या कर दी। इसके बाद हमलावर मौके से गोलियां चलाते हुए भाग गए। पति की हत्या पूर्व रिंकू यादव, उसके बड़े बेटे अजीत, मिथुन, राहुल, संजय और अन्य लोगों ने की है।

पत्नी अस्पताल लेकर भागी, घरवाले रोते हुए पहुंचे
अरविंद सड़क पर खून से लथपथ पड़ा था और पत्नी संगीता उसके पास बैठकर रो रही थी। वह लोगों से पति को जल्द अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगा रही थी। वहीं, घटना के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने एंबुलेंस बुलाकर पत्नी-पति को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां अरविंद यादव को मृत घोषित कर दिया गया।

इस दौरान परिवार के लोग भी रोते-बिलखते हुए अस्पताल आ गए। अरविंद का शव देखकर पत्नी रोते हुए बेसुध हो गई। सूचना पर एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।

घरवाले बोले- बड़े भाई का भी मर्डर हुआ था
अरविंद के चचेरे भाई अर्जुन सिंह ने बताया- 2019 में पूर्व प्रधान के चाचा मुन्ना यादव का मर्डर हुआ था। उसके बाद हमारे पूरे परिवार फंसा दिया गया। मुन्ना के मर्डर के अगले दिन ही अरविंद के बड़े भाई नरेश यादव लापता हो गए थे। उनका मर्डर कर दिया गया था। आज तक हम लोगों को न तो नरेंद्र मिले और न ही उनकी लाश मिली। हम लोगों ने पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

कुछ समय बाद दतिया के परासरी गांव के जंगल में नरेश का मोबाइल भी मिला था। 6 साल में नरेश का कोई सुराग नहीं मिला है।

2 भाइयों में नरेश बड़ा और अरविंद छोटा था। अरविंद का 14 साल का एक बेटा दिलीप है। वो पढ़ता है। मुन्ना के मर्डर के बाद अरविंद गांव के बाहर भरारी फार्म हाउस के पास रहने लगा था।

3 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि अरविंद यादव की गोली मारकर हत्या की गई है। रिंकू यादव और उसके साथियों ने वारदात की है। 2 लाख रुपए लूट की बात अभी सामने नहीं आई है। आरोपियों की तलाश में 3 पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights