“अपराधमुक्त प्रदेश का सपना हो रहा साकार, विकास योजनाओं का सभी वर्गों को मिल रहा लाभ”
“ मुख्यमंत्री ने जनपदवासियों को दी 328 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात”
झाँसी: उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने रानी लक्ष्मी व्यायाम मंदिर कॉलेज के मैदान में प्रबुद्धजन वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित किया और करोड़ों रुपये लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने जनपद झाँसी के प्रबुद्धजनों- उद्योगपतियों, व्यापारियों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों व युवाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि बुंदेलखंड में विकास की अपार सम्भावनाएं हैं, जिन्हें प्रदेश सरकार ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
योगी आदित्यनाथ ने 328 करोड़ रुपए की 102 विकास कार्य परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुये सभी जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद एवं झांसीवासियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि झांसी प्राकृतिक संसाधन एवं सौंदर्य से परिपूर्ण है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण के पश्चात झांसी मंत विकास के नए पंख लग गए हैं।
बुंदेलखंड में भूमिगत जल के पर्याप्त श्रोत उपलब्ध हैं। बुंदेलखंड में पीने के पानी की समस्या के निवारण हेतु शीघ्र ही प्रत्येक घर में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होगी, जिससे यहां के लोग निरोगी होकर अपने आर्थिक विकास में वृद्धि कर सकें। बुंदेलखंड में माफिया और गुंडों का राज पूर्ण रूप से समाप्त करने के लिए प्रत्येक माफिया के विरुद्ध प्राथमिकता के साथ कार्यवाही की जा रही है, यदि कोई माफिया किसी गरीब की जमीन पर कब्जा करेगा तो उससे सूद सहित वसूली की जाएगी एवं इस वसूली की धनराशि का सदुपयोग यहां के विकास में किया जाएगा।
बुंदेलखंड की हृदय स्थली रानी झांसी के ऐतिहासिक झांसी दुर्ग की प्राचीर तले प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यहां पर्यटन विकास की असीम संभावनाओं को मूर्त रूप दिया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर काफीटेबल बुक का विमोचन किया, जिसमें क्षेत्र में पर्यटन और सांस्कृतिक विकास की योजना के उद्देश्य निहित है। जिससे क्षेत्र के विकास को पंख लगेंगे, इसके साथ पिछली सरकारों पर तीखे व्यंग्य के साथ बुंदेलखंड की जनता से भविष्य में भी पुनः भाजपा की सरकार बनाने का आव्हान किया।
मुख्यमंत्री ने यहां शहर के बीचों-बीच स्थित लक्ष्मी व्यायाम मंदिर कॉलेज प्रांगण में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित करते हुए पिछली सरकारों पर तीसरे व्यंग बाण चलाते हुए कहा कि पिछली सरकारों की बदनियति, भ्रष्ट नीति के चलते बुंदेलखंड की बदहाल स्थिति रही थी परंतु हमारी सरकार ऐसे नहीं रहने देगी, बुंदेलखंड को लगातार विकास की ओर आगे बढ़ा रही है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे सहित डिफेंस कॉरिडोर जैसी अनेक योजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं के द्वारा जनता को स्वाबलंबी बनाए जाने के चलते बुंदेलखंड की तरक्की हो रही है।
क्या है मुख्यमत्री का इज ऑफ़ डूइंग प्लान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रबुद्धजन सम्मेलन में बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाले ‘‘ग्लोबल समिट’’ में उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए बड़े निवेशकों को भेजना चाहते हैं प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आज उत्तर प्रदेश निवेश का अच्छा गंतव्य बना है। ‘‘ईज ऑफ डूइंग’’ बिजनेस के चलते दुनिया का हर निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहता है, क्योंकि प्रदेश सरकार द्वारा अपराध व अपराधियों के प्रति जीरो टोलरेंस, भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों के प्रति जीरो टोलरेंस की जो नीति अपनाई गई है, 2017 से पहले प्रदेश व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपराधी संगठित अपराध करते थे जिसके कारण निवेशक आने से डरते थे। लेकिन आज अपराधी प्रदेश से पलायन कर रहे हैं और जो व्यापारी पलायन कर गए थे, वे वापस आकर उत्तर प्रदेश में व्यापार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश अनंत अपार संभावनाओं का प्रदेश है। हमारे पास दुनिया का सबसे जुझारू, प्रतिभाशाली व ऊर्जावान युवा है। प्रदेश सरकार युवाओं को मौका दे रही है, जिससे प्रदेश के विकास को गति मिली है। आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है, यह उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर देश के सामने प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार है, स्थानीय निकाय एवं पंचायतराज व्यवस्था में जब समान विचारधाराओं के लोग होते हैं तो विकास तेजी के साथ कई गुणा आगे बढ़ता है।
प्रदेश में देश ही नहीं विदेशों से निवेशक आएं, इससे उनकी पूंजी भी सुरक्षित रहेगी और हमारी नीतियों को लाभ भी मिलेगा। इतना ही नहीं प्रदेश के युवाओं को भी रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जो नीति बनाई हैं उससे प्रदेश में उद्योग, व्यापार का माहौल बना है। उन्होंने उत्तर प्रदेश व खासकर बुंदेलखंड के उन निवेशकों का आह्वान किया जिन्होंने कहीं और निवेश कर रखा है। उन्होंने कहा कि वे उत्तर प्रदेश में आएं और यहां निवेश करें, उन्हें जहां सुरक्षा का माहौल मिलेगा, वहीं उनकी पूंजी भी सुरक्षित रहेगी।
उन्होंने कहा कि देश की सबसे अच्छी औद्योगिक, स्टार्टअप, टैक्सटाइल, सोलर एनर्जी समेत 25 सेक्टर की नीतियों पर प्रदेश सरकार काम कर रही है यदि कोई शिक्षण संस्थान, चिकित्सालय, बारातघर, कन्वेंशन सेंटर व छोटे उद्यम लगाता है तो वह भी हमारे लिए निवेश है।
उन्होंने प्रबुद्धजनों का आह्वान किया जिस तरह उन्होंने पूर्व में केन्द्र एवं प्रदेश सरकार को अपना सहयोग दिया है उसी तरह वह अपना सहयोग आगे भी देते रहें ताकि बेहतर माहौल बना रहे। आज
झाँसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने भी किया संबोधित
अनुराग शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने बुंदेलखंड की दिशा के साथ साथ हमारा जीवन भी बदलने का कार्य किया है। आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत बलिनी के माध्यम से हमारी माताएं-बहनें सशक्त बन रही हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा बुंदेलखंड को दिए गए औद्योगिक पैकेज थी यहां पर निवेश के नए मार्ग प्रशस्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के किनारे औषधीय पौधों का रोपण किया जाना है, जिससे बुंदेलखंड आयुर्वेदा के नाम से भी जाना जाएगा।
इस अवसर पर सदर विधायक रवि शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता में आने के पश्चात जब से मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को दिशा देना प्रारंभ किया है तबसे बुंदेलखंड में उन्नति की एक नई दिशा का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को जहां एक ओर मुख्यमंत्री द्वारा बड़े-बड़े एक्सप्रेस वे देने का कार्य किया गया है वहीं पर दूसरी ओर डिफेंस कॉरिडोर की सौगात दी बुंदेलखंड की जनता को रोजगार के अवसर प्रदान करने का कार्य उनके द्वारा किया गया है।
प्रबुद्ध जन सम्मेलन में झाँसी मेयर राम तीर्थ सिंघल, विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा, विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत ने भी संबोधन किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के दौरान नगर विकास एवं औद्योगिक विकास विभाग की प्रगति तथा योजनाओं से संबंधित 02 लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया।
इस अवसर पर सभापति विधान परिषद कुंवर मानवेंद्र सिंह, पूर्व शिक्षा मंत्री श्री सतीश चंद्र द्विवेदी, क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री मानवेंद्र सिंह, विधायक मऊरानीपुर रश्मि आर्या, सदस्य विधान परिषद रमा निरंजन, जिलाध्यक्ष भाजपा जमुना प्रसाद कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष भाजपा मुकेश मिश्रा सहित मंडलायुक्त डॉ आदर्श सिंह, डीआईजी जोगेंद्र कुमार जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संजय पांडेय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आर एस वर्मा एवं अन्य विभागीय अधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
